![]()
बदायूं में एक युवक की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना उघैती थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव की है। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के मौजपुर निवासी 24 वर्षीय विजयपाल पुत्र भागीरथ की ससुराल में मौत हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि विजयपाल की सास ने उन्हें फोन पर जानकारी दी थी कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें बिसौली ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, लगभग एक महीने पहले विजयपाल की पत्नी के मामा ने उनके घर पर हंगामा किया था, जिसका विजयपाल ने विरोध किया था। इस घटना के बाद विजयपाल की पत्नी करीब 12 दिन पहले अपने मायके धर्मपुर चली गई थी। परिवार का कहना है कि विजयपाल अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए ही धर्मपुर गया था, जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Source link
बदायूं में युवक की ससुराल में मौत:परिजनों ने लगाया मारपीट कर हत्या का आरोप, पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार