![]()
मुज़फ़्फ़रनगर जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और मरीजों के शोषण के आरोपों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने बुधवार को सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए गए। भाकियू तोमर के नेताओं ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में ऑपरेशन, अल्ट्रासाउंड, ब्लड जांच और भर्ती के नाम पर खुलेआम सुविधा शुल्क लिया जा रहा है। उनका कहना है कि गरीब मरीजों को इलाज के लिए पैसे देने पड़ते हैं, जबकि पैसे न देने वालों को परेशान किया जाता है। संगठन ने महिला वार्ड की बदहाल व्यवस्था, साफ-सफाई की कमी और अस्पताल स्टाफ के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। किसानों ने कहा कि मरीजों को सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है और उन्हें निजी जांच केंद्रों तथा मेडिकल स्टोरों पर भेजा जा रहा है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ डॉक्टर मरीजों को बाहर से दवाइयां लिखते हैं और निजी लैबों पर जांच कराने के लिए दबाव बनाते हैं, जहां कमीशनखोरी का खेल चलता है। इसके अतिरिक्त, कई डॉक्टरों पर समय से अस्पताल न पहुंचने और निजी आवास पर फीस लेकर मरीज देखने के आरोप भी लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान भाकियू तोमर के प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी ने प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि पांच दिन के भीतर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन अस्पताल के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा।
Source link
मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ भाकियू तोमर का प्रदर्शन:अल्ट्रासाउंड में सुविधा शुल्क लेने के आरोप, CMO ऑफिस पर हंगामा