आगरा में यमुना घाट की सफाई को आगे बढ़े हाथ:लोगों को दिलाई जलस्त्रोतों को साफ रखने की शपथ


स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत आगरा नगर निगम एवं सहयोगी संस्था म्यूज की टीम ने यमुना घाट पर महासफाई अभियान चलाकर जलस्रोतों को स्वच्छ और कचरा मुक्त रखने का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य यमुना घाट सहित शहर के अन्य जलस्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ नागरिकों को जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
महासफाई अभियान के दौरान यमुना घाट और आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई की गई। टीम ने घाट क्षेत्र में पड़े कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को एकत्रित कर वहां की सफाई की। इस दौरान अभियान में शामिल टीम के सदस्यों एवं नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ लेकर सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। नगर निगम की टीम ने यमुना घाट पर आने वाले नागरिकों से अपील की कि वे जलस्रोतों के आसपास कूड़ा-कचरा न डालें और निर्धारित स्थान पर ही कचरे का निस्तारण करें। लोगों को समझाया गया कि जलस्रोतों में या उनके किनारे फेंका गया कचरा न केवल आसपास के वातावरण को प्रभावित करता है, बल्कि जल की गुणवत्ता और जलीय पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ऐसे में जलस्रोतों को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सार्वजनिक स्थलों पर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने नागरिकों से अपील की कि यमुना घाट सहित अन्य जलस्रोतों पर पूजा सामग्री, प्लास्टिक, खाद्य पदार्थों के पैकेट अथवा किसी भी प्रकार का कचरा खुले में न फेंकें। सहायक नगर आयुक्त ने ये कहा सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत आगरा शहर के विभिन्न जलाशयों, नदियों और अन्य जलस्रोतों के आसपास भी विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों में सफाई के साथ जनभागीदारी और जागरूकता पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि जलस्रोतों को लंबे समय तक स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखा जा सके। नगर निगम का उद्देश्य सफाई अभियानों को जनअभियान का रूप देकर अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *