जालौन मेडिकल कॉलेज में व्यापारी से मारपीट:व्यापारियों ने बाजार बंद कर घंटाघर चौराहे पर किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग


जालौन के उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों द्वारा भाजपा नेता एवं व्यापारी बृजकिशोर गुप्ता और उनके बेटे के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर बुधवार को व्यापारियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। घटना के विरोध में व्यापारिक संगठनों और महिलाओं संगठनों ने शहर भर का बाजार बंद कर जोरदार प्रदर्शन किया और मारपीट करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों के प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं व्यापारियों को प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मानने में जुटी हुई है जिससे उनका आंदोलन समाप्त हो सके। बुधवार सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और बड़ी संख्या में व्यापारी उरई के घंटाघर चौराहे पर एकत्रित हुए।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन और डॉक्टरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मुख्य बाजार में जाम की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
व्यापारियों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में भाजपा नेता बृजकिशोर गुप्ता और उनके बेटे के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की गई, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उनकी शिकायत पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। वहीं, दूसरी ओर डॉक्टरों की तहरीर पर उरई कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसी बात को लेकर व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है और पीड़ित पक्ष की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए घंटाघर चौराहे और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह और सीईओ राजीव शर्मा पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि व्यापारियों ने साफ कहा कि न्याय मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *