वकील के भेष में आए युवकों ने किया हंगामा:बलरामपुर हॉस्पिटल का गेट तोड़ा, पुलिसकर्मी को दौड़ाकर पीटा


लखनऊ के वजीरगंज इलाके में सोमवार को बलरामपुर हॉस्पिटल परिसर में वकील के भेष में आए युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोपियों ने हॉस्पिटल का पिछला गेट तोड़ दिया और मोर्चरी के पास मौजूद पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। मामले में 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। औरैया के महमूदपुर निवासी दरोगा शिवम अवस्थी वजीरगंज थाने की बलरामपुर चौकी में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को वह हॉस्पिटल में मौजूद थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया। वीडियो में कुछ युवक वकील की ड्रेस में नजर आ रहे थे, जो हॉस्पिटल के पिछले गेट को तोड़कर अंदर घुस गए। आरोप है कि युवक मोर्चरी तक पहुंच गए और वहां शव ले जा रहे लोगों के साथ अभद्रता व मारपीट की। विरोध करने पर पोस्टमॉर्टम कराने आए एक हेड कांस्टेबल को भी अस्पताल परिसर में दौड़ाकर पीटा गया। सूचना मिलते ही दरोगा शिवम अवस्थी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपित फरार हो चुके थे। पुलिस ने हॉस्पिटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वकील के भेष में युवक हंगामा और मारपीट करते दिखाई दिए हैं। दरोगा की तहरीर पर वजीरगंज थाने में 15 नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर वजीरगंज ने बताया कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *