![]()
पीलीभीत की नगर पंचायत नौगवां पकड़िया के चेयरमैन पति को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद सुनगढ़ी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रामलीला रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र के निवासी दीपक सक्सेना के रूप में हुई है। चेयरमैन पति संतोख सिंह संधू ने सुनगढ़ी थाने में तहरीर देकर बताया कि पिछले कुछ समय से उन्हें दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार व्हाट्सएप मैसेज और वॉइस कॉल किए जा रहे थे। इन संदेशों और कॉल में उनके व परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। संधू ने आरोप लगाया कि आरोपी ने फेसबुक पर उनकी तस्वीर का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक पोस्ट भी शेयर की। पोस्ट के कैप्शन और कमेंट बॉक्स में भी अपमानजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी सामाजिक छवि धूमिल हुई। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सुनगढ़ी थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी ने बताया कि नामजद तहरीर के आधार पर आरोपी दीपक सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स और मोबाइल डेटा की जांच कर रही है, ताकि धमकी देने के पीछे की वजह और अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाया जा सके।
Source link
चेयरमैन पति को सोशल-मीडिया पर जान से मारने की धमकी:पीलीभीत पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी