गोंडा में 8 सेकंड में 6 बार बम मारा, VIDEO:गमछे से निकालकर घर पर फेंका, रिकवरी एजेंट से विवाद के बाद हमला


गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक रिकवरी एजेंट के घर पर बमबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना बीती 19 मई की देर रात जानकी नगर मवैया तालाब इलाके की है। रात करीब 9:25 बजे से 9:27 बजे के बीच दो युवकों ने रिकवरी एजेंट राघवेंद्र सिंह के घर पर ताबड़तोड़ बम फेंके। महज आठ सेकंड के भीतर एक के बाद एक छह बम फेंके जाने से पूरा घर धुएं से भर गया। घटना के बाद डाली सिंह, उनके पति राघवेंद्र सिंह और बच्चों में भय का माहौल है। पीड़िता डाली सिंह ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 18 मई की रात 9 बजे से 9:25 बजे के बीच दो से तीनलोग उनके घर के पास पहुंचे और परिवार को जान से मारने की नीयत से 7 से 8 बम फेंके। डाली सिंह ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनके पति से रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर कप्तान सिंह और उसके गैंग के 8-9 लोगों ने उनके पति पर जानलेवा फायरिंग की थी, जिसका मुकदमा पहले से दर्ज है। पीड़िता के अनुसार हमलावरों ने घटना के दौरान गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बमबाजी करने वाले युवकों की पहचान में जुटी हुई है। वहीं, नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बमबाजी में शामिल युवकों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को डरने की जरूरत नहीं है, पूरा पुलिस प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *