हापुड़ में कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन:भाजपा सरकारों की नीतियों पर साधा निशाना, SDM को सौंपा ज्ञापन


हापुड़ में सोमवार को जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने बढ़ती महंगाई के विरोध में एक विशाल प्रदर्शन किया।महिलाओं ने अपने हाथों में कटोरा और थाली लेकर विरोध जताया। उन्होंने थाली बजाकर भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। यह प्रदर्शन अतरपुरा चौराहा स्थित नेहरू प्रतिमा से शुरू होकर एसडीएम कार्यालय तक निकाला गया, जहां एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन नीतियों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और हर वर्ग महंगाई से परेशान है। त्यागी ने गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों के लगातार बढ़ते दामों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी और आम जनमानस के हितों की लड़ाई लगातार लड़ेगी। वहीं, कांग्रेस शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता आज महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन जनता को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है, युवा रोजगार संकट से जूझ रहे हैं और गरीब व्यक्ति दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी जनता के हक और अधिकार की लड़ाई हमेशा लड़ती रहेगी और महंगाई के खिलाफ यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान इस अवसर पर पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद अयाजुद्दीन, जिला उपाध्यक्ष रामप्रसाद जाटव, SC ST कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश भाटी, खुशनूद अली, ब्लॉक अध्यक्ष सरला देवी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोनिका शर्मा, विचार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सीमा शर्मा, SC ST प्रदेश सचिव रश्मि चौधरी, कुसुमलता, वरिष्ठ कांग्रेसी डॉक्टर वी.सी.शर्मा, लाल बहादुर, सभासद सुशील शास्त्री, जस्सा सिंह, विधि एवं मानवाधिकार प्रकोष्ठ जिला चेयरमैन एड. रघुवीर सिंह, SC ST कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक मोघे शामिल रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *