नीट पेपर लीक: एनटीए चेयरमैन को बर्खास्त करने की मांग:मिर्जापुर में राष्ट्रवादी मंच ने केंद्र सरकार पर उठाए गंभीर सवाल


मिर्जापुर। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर राष्ट्रवादी मंच ने केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने इसे राष्ट्र और जनहित के खिलाफ बताया और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के चेयरमैन प्रदीप जोशी को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में श्रीवास्तव ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर दोबारा लीक होना देश की शिक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न है। इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिनकी कड़ी मेहनत और त्याग पर पानी फिर गया है। उन्होंने बताया कि एनटीए द्वारा आयोजित परीक्षा रद्द होने से लगभग 22 लाख छात्रों की मेहनत और सपनों को धक्का लगा है। कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए कर्ज लिया या गहने बेचे, लेकिन छात्रों को बदले में पेपर लीक जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। मनोज श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में एक संगठित भ्रष्टाचार है। उनका कहना था कि ईमानदार और मेहनती छात्र लगातार इसका खामियाजा भुगत रहे हैं, जबकि पेपर माफिया हर बार बच निकलते हैं। यदि छात्रों का भविष्य मेहनत और प्रतिभा के बजाय पैसे और पहुंच से तय होगा, तो गरीब और सामान्य परिवार के प्रतिभाशाली बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने सरकार पर हर बार जांच के आदेश देकर मामले को शांत करने का प्रयास करने का आरोप लगाया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती। श्रीवास्तव ने जोर देकर कहा कि एनटीए चेयरमैन प्रदीप जोशी को तुरंत पद से हटाया जाना चाहिए, तभी निष्पक्ष जांच संभव हो सकेगी। अन्यथा, उन्होंने मामले में लीपापोती की आशंका जताई। इस दौरान प्रेस वार्ता में मंच के आनंद अग्रवाल, रवि पुरवार, अखिलेश अग्रहरी, दीपक श्रीवास्तव, आशीष पाण्डेय और मनोज दमकल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *