मालगाड़ी की चपेट में आने से सर्राफा व्यापारी की मौत:सुल्तानपुर में लाखों के नुकसान के बाद आत्महत्या की आशंका, GRP ने शुरू की जांच


सुल्तानपुर में शनिवार दोपहर लखनऊ नाका रेलवे क्रॉसिंग पर एक सर्राफा व्यापारी की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर सलाहपुर बरदहिया निवासी 35 वर्षीय अनिल कुमार सोनी के रूप में हुई है। लाखों रुपए के कर्ज के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार सोनी पैदल रेलवे लाइन पर चल रहे थे, तभी एक मालगाड़ी आ गई और उसकी चपेट में आने से उनकी जान चली गई। घटना में उनका बायां हाथ कंधे से कट गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल जीआरपी को सूचना दी। सूचना मिलने पर जीआरपी थाने के उप निरीक्षक आरिफ खान अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उनकी पहचान की गई और परिजनों को सूचित किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

अनिल कुमार सोनी रामदीन सोनी के पुत्र थे और घर के पास ही उनकी सर्राफा की दुकान थी। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके अन्य भाई गुलाब (जो पंजाब में रहते हैं), फूल सोनी और अमित सोनी हैं। मृतक की पत्नी चंदा सोनी ने बताया कि अनिल पर दुकान का काफी कर्ज था और वह लोन की किस्तें जमा नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने आज लोन की किस्त जमा करने की बात कही थी। उनके दो बेटे हैं, अमन (10 वर्ष, जो कक्षा 5 में पढ़ता है) और आयुष (7 वर्ष, जो कक्षा 2 में पढ़ता है)। अनिल कर्ज के कारण काफी परेशान चल रहे थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *