![]()
झांसी के सीपरी क्षेत्र स्थित मैला की टौरिया इलाके में शनिवार को पेयजल संकट को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे सदर विधायक रवि शर्मा को स्थानीय लोगों ने बदहाली की कहानी सुनाई और वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या पर जमकर नाराजगी जताई। महिलाओं ने कहा कि वह पिछले 20 साल से पीने के पानी के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। निरीक्षण की दो तस्वीर देखें… दरअसल, सीपरी बाजार के डॉक्टर अंबेडकर पार्क से जुड़े नाथ की कोठी और मैला की टौरिया इलाके में घनी आबादी निवास करती है। यहां बड़ी संख्या में दलित बस्तियां भी हैं। शनिवार को विधायक रवि शर्मा अमृत पेयजल योजना के तहत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे थे। जैसे ही वह इलाके में पहुंचे, स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया और पानी की समस्या को लेकर अपनी समस्या सुनानी शुरू कर दी। महिलाओं ने बताया कि उनके घरों तक पाइप लाइन तो बिछा दी गई, लेकिन नलों में कभी पानी नहीं आया। उनका कहना था कि वर्षों से वह दूर-दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। कई महिलाओं ने कहा कि बीमार पड़ने की स्थिति में घर में पीने के पानी तक का संकट खड़ा हो जाता है। स्थानीय निवासी अशोक मोहन ने बताया कि करीब दो महीने पहले उनके घर में नल से जो पानी आया वह नाले के गंदे पानी जैसा था। उन्होंने इसका वीडियो भी विधायक को दिखाया। बोले इसके बाद कभी पानी नहीं आया। लोगों का आरोप था कि विभाग केवल कागजों में काम दिखा रहा है, जबकि जमीनी हालात बेहद खराब हैं। टिल्लू लगाकर पानी बाईपास करने का आरोप
इलाके की महिलाओं ने आरोप लगाया कि जहां पानी की सप्लाई हो रही है, वहां कुछ लोग टिल्लू पंप लगाकर पानी बाईपास कर लेते हैं, जिससे बाकी घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। स्थानीय महिला शकुंतला ने बताया कि उनके यहां पिछले 25 साल से नियमित पानी नहीं आया, लेकिन अब पानी के बिल जरूर आने लगे हैं। विधायक बोले- विभाग को काम में आ रही दिक्कतें
लोगों की नाराजगी के बीच विधायक रवि शर्मा ने कहा कि इलाके में अमृत भारत योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। हालांकि विभाग को काम करने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा, लेकिन इसके लिए स्थानीय लोगों को भी सहयोग करना होगा।
Source link
झांसी में पानी के लिए तरस रहे लोग:विधायक निरीक्षण करने पहुंचे तो महिलाओं का गुस्सा फूटा, बोलीं-पानी ढोने में जीवन कट रहा