![]()
हापुड़ में सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लेखपाल को 13 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी नगर पालिका परिसर में हुई, जिससे तहसील और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आरोपी लेखपाल को कोतवाली ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव सिमरौली निवासी किसान अभिषेक शर्मा से जमीन संबंधी कार्य कराने के नाम पर लेखपाल ने 16 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में यह सौदा 13 हजार रुपये में तय हुआ। किसान अभिषेक शर्मा ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच की और लेखपाल लवकेश को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान किसान अभिषेक शर्मा नगर पालिका परिसर में बनी पानी की टंकी के पास लेखपाल को रिश्वत की रकम देने पहुंचा। जैसे ही लेखपाल ने 13 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल को अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल जारी है।
Source link
लेखपाल 13 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार:हापुड़ में किसान से रिपोर्ट लगाने के नाम पर मांगे थे पैसे, एंटी करप्शन टीम ने दबोचा