मिर्जापुर में माध्यमिक शिक्षक संघ का सम्मेलन शुरू:शिक्षकों की समस्याओं और राष्ट्र निर्माण पर हुई चर्चा


मिर्जापुर के बसही में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का दो दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रांतीय सम्मेलन और शैक्षिक गोष्ठी शुक्रवार को शुरू हुई। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष चेतनारायण सिंह और संरक्षक व एमएलसी राजबहादुर चंदेल ने ध्वजारोहण कर इसका शुभारंभ किया। गोष्ठी के उद्घाटन सत्र में भदोही के सांसद विनोद बिंद मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में सांसद बिंद ने शिक्षकों को समाज का दर्पण बताया और कहा कि गुरु अपने ज्ञान से छात्रों के जीवन का अंधकार दूर करते हैं। उन्होंने समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह ने शिक्षकों से संगठित होकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षकों की अहम भूमिका पर भी जोर दिया।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें मां विंध्यवासिनी का चित्र व स्मृति चिन्ह भेंट किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने शिक्षक हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ने की बात कही। उन्होंने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सम्मेलन में पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्र, कोषाध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा, वीरेंद्र प्रताप तिवारी, नरसिंह बहादुर सिंह, अशोक कुमार श्रीवास्तव, राकेश सिंह सहित प्रदेश भर से आए शिक्षक प्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रादेशिक महामंत्री अनिरुद्ध त्रिपाठी और सम्मेलन के कोषाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने किया। मिर्जापुर इकाई के जिलाध्यक्ष एवं संयोजक विनय कुमार सिंह, मंत्री सागर लाल सोनकर, नरेंद्र श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव और अन्य पदाधिकारी आगंतुक शिक्षकों की व्यवस्था में सक्रिय रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *