![]()
कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में खरीफ फसल को लेकर आयोजित गोष्ठी में पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ा संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद उन्होंने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या काफी कम कर दी है और अब वह सिर्फ एक गाड़ी के साथ ही यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से भी अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की। कृषि मंत्री ने कहा कि ईंधन की बचत वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है। पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए सभी को जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी कार्यक्रमों और दौरों में गाड़ियों की संख्या कम रखी जाए और जहां संभव हो वहां कार पूलिंग अपनाई जाए। उनका कहना था कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। सूर्य प्रताप शाही ने कृषि विश्वविद्यालयों में साइकिल व्यवस्था को बढ़ावा देने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसरों में आवागमन के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे छात्रों और कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव संभव हैं। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों ने खरीफ फसल की तैयारियों को लेकर किसानों को जानकारी दी। गोष्ठी में आधुनिक खेती, उन्नत बीज, सिंचाई व्यवस्था और फसल उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई। बड़ी संख्या में किसान, छात्र और कृषि विभाग के अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
Source link
CSA यूनिवर्सिटी में पहुंचे कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही:बोले- अब एक गाड़ी के साथ ही चलता हूं, कम गाड़ियां और ज्यादा साइकिल से घटेगा प्रदूषण