दूल्हे को घुमाने निकलीं महिलाओं में मारपीट,पूर्व प्रधान की मौत:बलरामपुर में बीच-बचाव में लोहे की रॉड से वार, 6 पर FIR


बलरामपुर के परसरामपुर गांव में दूल्हे को घुमाने की रस्म के दौरान दो पक्षों की महिलाओं के बीच शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। इस घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे पूर्व प्रधान और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष तेज बहादुर यादव उर्फ बब्बन यादव (57) की मौत हो गई। मृतक की पत्नी सुशीला देवी के अनुसार, गुरुवार सुबह जयकरन उर्फ पेटबली की पत्नी अपने दूल्हे बेटे को गांव घुमाने निकली थीं। उनके साथ परिवार और गांव की अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। इसी दौरान दो दिन पहले बारात रवानगी के समय हुए विवाद को लेकर उन्होंने गांव की एक अन्य महिला को उलाहना देना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की महिलाएं आपस में भिड़ गईं।
विवाद बढ़ने पर जयकरन की पत्नी ने अपने मायके विशुनपुर खरहना से रिश्तेदारों को बुला लिया। आरोप है कि कुछ ही देर में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और चेन से लैस लोग मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होता देख तेज बहादुर यादव बीच-बचाव के लिए पहुंचे। इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें विपक्षी पक्ष का समझ लिया और उनके सिर पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर गोंडा रेफर कर दिया गया। गोंडा पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुशीला देवी की तहरीर पर जयकरन, रामदास कश्यप, हजारी और रिंकू कश्यप समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, 12 मई को जयकरन के बेटे की शादी के दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसे उस समय गांव के बुजुर्गों ने शांत करा दिया था। बताया जा रहा है कि उसी रंजिश के चलते गुरुवार को यह हिंसक घटना हुई। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया- मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *