लेखपाल पर 5 लाख मांगने, बुलडोजर धमकी का आरोप:अमरोहा में सैनी समाज ने डीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई


अमरोहा में सैनी समाज के लोगों ने एक लेखपाल पर दाखिल-खारिज के नाम पर 5 लाख रुपये मांगने और बुलडोजर चलवाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है। यह मामला अमरोहा की नौगावां सादात तहसील क्षेत्र के गांव बिलना से सामने आया है। शिकायतकर्ताओं में रोहतास सैनी, काविंद्र सैनी, आदित्य सैनी, देवेश सैनी, अरविंद सैनी और देशराज सैनी शामिल हैं। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके पूर्वज पिछले लगभग 100 वर्षों से गांव बिलना में निवास कर रहे हैं। अब लेखपाल द्वारा उनके घरों के दाखिल-खारिज के लिए 5 लाख रुपये की मांग की जा रही है। पीड़ितों ने बताया कि पैसे न देने पर उन्हें अपने घरों पर बुलडोजर चलवाने की धमकी भी दी गई है। इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने अमरोहा डीएम कार्यालय पहुंचकर आरोपित लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *