![]()
सोनभद्र जिले में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे तेज आंधी-तूफान का कहर देखने को मिला। रॉबर्ट्सगंज, चोपन और ओबरा सहित कई क्षेत्रों में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। आंधी के कारण जगह-जगह पेड़ों की डालियां और सूखे पेड़ गिर गए, जिससे यातायात बाधित हुआ। कई स्थानों पर लगे पोस्टर, बैनर और होर्डिंग्स उखड़कर फट गए और सड़कों पर बिखर गए। देखिए तस्वीरें… तेज हवाओं के कारण सड़कों पर धूल का गुबार छा गया। कई जगह टीनशेड और दुकानों के बाहर रखा सामान, यहां तक कि स्टील के ड्रम भी तेज हवा के बहाव में बहते हुए दिखाई दिए। अचानक आए तूफान से लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की तलाश में इधर-उधर भागने लगे। बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी तेज हवा और धूल के कारण वाहन चलाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग सड़क किनारे रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करते दिखे। आंधी-तूफान का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। कई इलाकों में बिजली के तार और पेड़ की डालियां गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। रॉबर्ट्सगंज, ओबरा और चोपन के कई मोहल्लों में देर शाम तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें हैं। इसी आंधी-तूफान के दौरान एक पुलिस चौकी परिसर में तेज हवाओं के चलते एक पेड़ सरकारी वाहन पर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, हालांकि सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मौसम विभाग ने ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए तेज तूफान का अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आंधी काफी तेज थी और कई मिनट तक लगातार चलती रही। राहत की बात यह है कि अब तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। जिले में अचानक चली तेज धूल भरी आधी के चलते रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सर्किट हाउस मोड पर स्टेट हाईवे पर जिला पंचायत का लगा लोहे का बोर्ड तेज हवा के चलते गिर गया भारी भरकम बोर्ड गिरने से स्टेट हाईवे पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया कुछ देर के लिए बड़ी संख्या में वाहनों की रफ्तार थम गई। वहीं छोटी बड़ी गाड़ियों के साथ एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। गनीमत रहे कि हादसे में किसी तरह के जान माल का नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही सीओ सिटी, स्टेट हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जीसीबी मशीन लगाकर लोहे की भारी बोर्ड को हटाया गया। पुलिस ने स्टेट हाईवे को बहाल कराया।
Source link
सोनभद्र में तेज आंधी-तूफान का कहर, जनजीवन प्रभावित:पेड़ गिरने से बिजली गुल, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त; जिप का बोर्ड गिरा