![]()
लखनऊ में प्राइम लोकेशन पर घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने गोमती नगर विस्तार और बसंतकुंज योजना में 149 आवासीय भूखंड ई-ऑक्शन के जरिए बिक्री के लिए उतारे हैं। इनमें 25 वर्गमीटर से लेकर 300 वर्गमीटर तक के प्लॉट शामिल हैं। एलडीए ने 28 मई 2026 तक ई-ऑक्शन पोर्टल खोला है। इस बार करीब 3000 करोड़ रुपए की 475 संपत्तियां नीलामी में रखी गई हैं। इच्छुक लोग आरक्षित मूल्य का 10 फीसदी ईएमडी जमा कर बोली में हिस्सा ले सकेंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर विस्तार सेक्टर-6 में कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर 12 नए आवासीय भूखंड विकसित किए गए हैं। इनका क्षेत्रफल 112 से 225 वर्गमीटर तक है। प्लॉट की आरक्षित दर 36 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर तय की गई है। इनकी कीमत करीब 40 लाख से 82 लाख रुपए तक रखी गई है। वहीं बसंतकुंज योजना के सेक्टर-एच, सेक्टर-आई और गऊघाट क्षेत्र में 137 आवासीय भूखंड नीलामी में शामिल किए गए हैं। यहां सबसे छोटे 25 वर्गमीटर प्लॉट की कीमत करीब 8.5 लाख रुपए है, जबकि 300 वर्गमीटर के बड़े प्लॉट की कीमत लगभग एक करोड़ रुपए तक पहुंचेगी। रिफा-ए-आम क्लब के पास बनेंगे अपार्टमेंट एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि रिफा-ए-आम क्लब के पास जगत नारायण रोड पर ग्रुप हाउसिंग के 4 भूखंड भी ई-ऑक्शन में लगाए गए हैं। इन भूखंडों पर बहुमंजिला अपार्टमेंट बनाए जाएंगे। इसके अलावा गोमती नगर विस्तार सेक्टर-7 में भी ग्रुप हाउसिंग के दो नए भूखंड नीलामी में शामिल किए गए हैं। अनंत नगर को एजुकेशन हब बनाने की तैयारी एलडीए ने अनंत नगर योजना को एजुकेशन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। योजना में शैक्षणिक संस्थानों के लिए आरक्षित 9 भूखंड भी ई-ऑक्शन में रखे गए हैं। इसके अलावा बसंतकुंज और कानपुर रोड योजना में भी स्कूलों के लिए भूखंड नीलामी में शामिल किए गए हैं। दुकानें और फ्लैट भी होंगे नीलाम गोमती नगर, बालागंज, चौक, कंचन मार्केट और कानपुर रोड योजना में खाली पड़ी 50 से ज्यादा दुकानें और चबूतरे भी नीलामी में शामिल किए गए हैं। एलडीए के मुताबिक ये सभी दुकानें प्राइम लोकेशन पर हैं। इसके अलावा ग्रीनवुड, सतलज, सरयू और वनस्थली अपार्टमेंट समेत नेहरू इन्क्लेव और सुलभ आवास के फ्लैट भी लोग ई-ऑक्शन के जरिए खरीद सकेंगे।
Source link
लखनऊ में घर बनाने का मौका:एलडीए ने ई-ऑक्शन में उतारे 149 प्लॉट, कीमत 8.5 लाख से शुरू