मानसिक रूप से परेशान युवक ने खुद को लगाया आग:पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत


पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र में मानसिक परेशानी से जूझ रहे एक युवक ने खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक की राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हेमपुर गांव निवासी संदीप (21) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि संदीप पिछले काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था। घटना से एक दिन पहले मंगलवार को ही परिवार उसे बरेली से डॉक्टर को दिखाकर दवाइयां लेकर लौटा था। बुधवार शाम जब परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर बैठे थे, तभी संदीप ने घर के अंदर खुद को आग के हवाले कर दिया। उसने घर में रखे डीजल को अपने ऊपर छिड़क कर आग लगा ली। जब तक परिजन कुछ समझ पाते और उसे बचाने के लिए दौड़ते, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। आनन-फानन में परिजन उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन शरीर अत्यधिक झुलस जाने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान ही संदीप ने दम तोड़ दिया। संदीप की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल हो गया। मृतक की मां अपने बेटे के शव से लिपटकर रोती रही। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। थानाध्यक्ष बिलसंडा, सिद्धांत शर्मा ने बताया- हेमपुर गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई है। प्राथमिक जांच में मामला मानसिक तनाव से जुड़ा सामने आया है। पुलिस टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *