![]()
सीतापुर शहर में बुधवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। शहर के विजय लक्ष्मी नगर स्थित बीडी कपूर मार्ग पर तेज हवाओं के चलते एक शॉपिंग मॉल की दो मंजिला इमारत के शीशे टूटकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ, जबकि सड़क किनारे खड़ी एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं आकाशीय बिजली से एक मवेशी की मौत हो गईं। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं का असर सबसे ज्यादा बीडी कपूर मार्ग स्थित एक शॉपिंग मॉल पर देखने को मिला, जहां इमारत में लगे बड़े-बड़े शीशे हवा के दबाव से टूटकर नीचे सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर अधिक भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक शीशे गिरने से सड़क किनारे खड़ी एक बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं पास स्थित एक होटल की छत पर लगा ग्रीजर भी तेज हवा के कारण उखड़कर पास के एक मकान में जा गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं, जबकि घर में मौजूद अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने सड़क पर गिरे शीशों को हटवाया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। वहीं बिसवा इलाके में रोसहन गांव में आकाशीय बिजली गिरने से मवेशी की मौत हो गई। तेज आंधी और तूफान के कारण शहर के कई हिस्सों में नुकसान की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। देखें फोटो…
Source link
सीतापुर में आंधी से शॉपिंग मॉल के शीशे टूटे:सड़क किनारे खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त, होटल का ग्रीजर उड़ा, आकाशीय बिजली गिरने से मवेशी की मौत