सुल्तानपुर में पिता-पुत्री पर हमला, 4 पर FIR:छेड़खानी मामले में सुलह के दबाव पर घर में घुसकर मारपीट, प्रतापगढ़ का मुख्य आरोपी


सुल्तानपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति और उसकी नाबालिग बेटी के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई। यह घटना छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के एक पुराने मामले में सुलह का दबाव बनाने को लेकर हुई। पुलिस ने इस मामले में प्रतापगढ़ निवासी मुख्य आरोपी सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने पहले प्रतापगढ़ निवासी फैसल पुत्र अमीन राइन के खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित का आरोप है कि फैसल अक्सर उनके पड़ोसियों गुड्डू, आरिफ और साहिल से मिलता है और उनके खिलाफ साजिश रचता है। यह घटना 10 फरवरी की रात करीब 9:00 बजे हुई। पीड़ित जब अपने घर पहुंचे और गेट खुलवाने के लिए हॉर्न बजाया, तभी गुड्डू, आरिफ और साहिल ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला किया। पीड़ित जान बचाने के लिए घर के अंदर भागे, लेकिन आरोपी घर में घुस गए और उन्हें तथा बीच-बचाव करने आई उनकी बेटी को भी पीटा। जाते समय आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद मामला दर्ज कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उनका कहना है कि आरोपियों के प्रभाव के कारण स्थानीय पुलिस पहले प्रभावी कार्यवाही नहीं कर रही थी। अब इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। कोतवाली नगर पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक पंकज कुमार को सौंपी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *