भाई-बहन की मौत के मामले में भट्ठा संचालक पर रिपोर्ट:भट्टे के गड्ढे में मिले थे शव, जांच में भट्ठा संचालक की लापरवाही सामने आई


हरदोई के लोनार कोतवाली क्षेत्र के चिमना गांव में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत के मामले में सोमवार रात भट्ठा संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। राजस्व लेखपाल ने लापरवाही बरतने के आरोप में यह मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी जिले के अमीनगर थाना मोहम्मदी निवासी इरशाद पुत्र अशफाक चिमना गांव में एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वहीं रहते थे। रविवार शाम उनकी 9 वर्षीय बेटी रुख्सार और 7 वर्षीय बेटा अबज़द भट्ठे के पास खेलते हुए लापता हो गए थे। देर शाम तक बच्चों के घर न लौटने पर मां सलमा ने उनकी तलाश शुरू की। करीब चार घंटे की खोजबीन के बाद भट्ठे से लगभग 100 मीटर दूर पानी से भरे एक गड्ढे में दोनों के शव मिले। आशंका है कि खेलते समय एक बच्चा गड्ढे में गिरा होगा और दूसरा उसे बचाने के प्रयास में डूब गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था।
सोमवार रात राजस्व लेखपाल अनिरुद्ध कुमार ने किरण ईंट भट्ठे के संचालक योगेंद्र पाल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया है कि भट्ठे में ईंट पाथने वाले स्थान के पास बारिश के पानी के लिए 8 फीट लंबा, 5 फीट चौड़ा और 5.5 फीट गहरा गड्ढा बनाया गया था। इसी गड्ढे में डूबने से बच्चों की मौत हुई। मौके पर की गई जांच में पाया गया कि इस गड्ढे के चारों ओर कोई सुरक्षात्मक व्यवस्था नहीं थी और न ही कोई चेतावनी पट्टी लगाई गई थी। प्राथमिक जांच में भट्ठा संचालक की घोर लापरवाही सामने आई है। लोनार कोतवाल सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी गहनता से जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *