गोंडा के बालपुर बाजार में दो गुटों के बीच मारपीट:ई-रिक्शा किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद, महिला और नाबालिग घायल


गोंडा के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर बाजार में किराए के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार दिया गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बालपुर कस्बा निवासी प्रेम कुमार तिवारी के भाई राजू तिवारी का रविवार देर शाम शराब ठेके के पास एक ई-रिक्शा चालक से किराए को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रिक्शा चालक अधिक पैसे मांग रहा था और गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई। महिला और नाबालिग घायल आरोप है कि कुछ देर बाद करीब एक दर्जन लोग राजू तिवारी के घर पहुंच गए और वहां गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान राजू तिवारी के नाबालिग बेटे गौरव तिवारी और पत्नी सुमन तिवारी घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने शुरू की जांच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले पर करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घायल लोगों का प्राथमिक उपचार करा दिया गया है और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *