हेक्टर कार ने बाइक सवारों को रौंदा:शोक सभा में जा रहे थे तीन लोग, दो की हालत गंभीर


मथुरा के छाता कोतवाली क्षेत्र में अकबरपुर-शेरगढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार हेक्टर कार ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का वीडियो सामने आया है। थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव सेही निवासी हीरो, उदयराम और महिला सिक्को एक ही बाइक पर सवार होकर थाना छाता क्षेत्र के गांव भदावल में आयोजित शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी बाइक तरौली गांव के पास अहूरी चौराहे को पार कर छाता की ओर बढ़ रही थी। तभी अकबरपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार हेक्टर कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही छाता पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल हीरो और उदयराम के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने पर दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं सिक्को का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हेक्टर कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *