![]()
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टैगोर पार्क इलाके से एक 14 वर्षीय किशोरी लापता हो गई है। वह अपने छोटे भाई के साथ पार्क से घर लौट रही थी, तभी रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, राजेंद्रनगर स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी निवासी सिंचाई विभाग कर्मचारी की बेटी मान्य मिश्रा (14) बुधवार शाम अपने 10 वर्षीय भाई आयुष्मान के साथ टैगोर पार्क सी ब्लॉक में खेलने गई थी। शाम करीब सात बजे दोनों घर लौटने के लिए निकले। रास्ते में आयुष्मान आगे चल रहा था और मान्य उसके पीछे थी। जब आयुष्मान अकेला घर पहुंचा तो परिवार ने मान्य के बारे में पूछा। आयुष्मान ने बताया कि “दीदी पीछे आ रही थीं।” इसके बाद परिवार ने तुरंत कॉलोनी, पार्क और आसपास के इलाकों में मान्य की तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। देर रात परिजन प्रेमनगर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बेटी को जल्द बरामद करने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पार्क से लेकर आसपास की सड़कों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोरी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
Source link
टैगोर पार्क से 14 वर्षीय किशोरी लापता:छोटे भाई के सामने हुई रहस्यमय गुमशुदगी, पुलिस तलाश में जुटी