![]()
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट लोधेश्वर महादेव धाम कॉरिडोर के निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने अधिग्रहित भवनों को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे मंदिर परिसर क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर कई भवनों को गिराया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी और तहसीलदार विपुल सिंह की देखरेख में पर्यटन विभाग तथा तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान मंदिर परिसर के पीछे स्थित अजय अवस्थी के मकान को सबसे पहले गिराया गया। प्रशासन के अनुसार, कॉरिडोर निर्माण योजना के तहत पर्यटन विभाग ने लगभग 30 मकानों का अधिग्रहण किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, पर्यटन विकास और धाम के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए अधिग्रहित भवनों को हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने मुआवजे को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। निवासी जय नारायण अवस्थी ने बताया कि उनके दो मकान अधिग्रहण की जद में आए हैं, लेकिन उन्हें अब तक मुआवजे की राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने शासन और प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, चौकी इंचार्ज अभिनंदन पांडे, सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह, राज कनौजिया और सुभाष चंद्र सहित कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी ने बताया कि भव्य कॉरिडोर निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए अधिग्रहित भवनों को हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, ग्राम प्रधान अजय कुमार तिवारी, अमित अवस्थी और राजस्व लेखपाल संतोष सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित थे।
Source link
लोधेश्वर महादेव धाम कॉरिडोर निर्माण के लिए चला बुलडोजर:जमीन अधिग्रहण के लिए तोड़ा जा रहा भवन, मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट