मुजफ्फरनगर में शिव चौक पर पुलिस का एक्शन मोड:हेलमेट, ट्रिपलिंग और मॉडिफाइड बाइक सवारों के खिलाफ कार्रवाई


मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर रविवार शाम पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक चले इस अभियान में मुख्य रूप से दुपहिया वाहनों को निशाना बनाया गया। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, ट्रिपलिंग, बिना नंबर प्लेट और बिना लाइसेंस वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर ही कई वाहनों के चालान काटे और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। शिव चौक स्थित आबकारी पुलिस चौकी इंचार्ज शशि कपूर की टीम ने मॉडिफाइड बाइकों और हाईप्रेशर हॉर्न लगाने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की। तेज आवाज करने वाले साइलेंसर और बड़े प्रेशर हॉर्न वाली कई बाइकों को सीज किया गया। महिला पुलिस टीम ने भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने महिला और छात्राओं की स्कूटी की जांच की और उन्हें हेलमेट पहनने, ट्रिपलिंग से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। इस अभियान के तहत रविवार को लगभग 15 दुपहिया वाहनों के चालान किए गए। इससे एक दिन पहले शनिवार को भी 26 चालान काटे गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *