![]()
सहारनपुर में रविवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (PGT) परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। हालांकि, परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति काफी कम रही। पहली पाली में 61.95 प्रतिशत और दूसरी पाली में 53.70 प्रतिशत परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6715 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से केवल 2555 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 4160 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इस प्रकार, पहली पाली में उपस्थिति मात्र 38.05 प्रतिशत दर्ज की गई। पहली पाली की परीक्षा राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट, गुरु नानक इंटर कॉलेज, एसएएम इंटर कॉलेज, बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज और जेवी जैन इंटर कॉलेज सहित विभिन्न केंद्रों पर आयोजित हुई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और परीक्षार्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। वहीं, दूसरी पाली के लिए जिले में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस पाली में कुल 3948 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1828 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 2120 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति प्रतिशत 46.30 रहा। दूसरी पाली में सर्वाधिक उपस्थिति आर्य कन्या इंटर कॉलेज में दर्ज की गई, जहां 480 में से 261 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा के दौरान आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Source link
पीजीटी परीक्षा में 61 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी अनुपस्थित:सहारनपुर में पहली पाली में 61.95 प्रतिशत दूसरी में 53.70 प्रतिशत परीक्षार्थी नहीं पहुंचे