जनभवन से अटल चौक तक ‘कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा':राज्यपाल ने दिखाई हरीझंडी; महिलाओं के स्वास्थ्य और कैंसर जागरूकता को लेकर रैली, गवर्नर ने की सराहना


स्त्री वेलफेयर फाउण्डेशन की ओर से आयोजित “आनंदी मां एक जीवन बचाओ अभियान” एवं कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा के अंतर्गत रविवार को राजधानी में भव्य जन-जागरूकता रैली निकाली गई।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हरी झंडी दिखाकर जन जागरूकता रैली की शुरुआत की। रैली की शुरुआत जनभवन से हुई, जो महात्मा गांधी मार्ग, अटल चौक, पार्क रोड, डॉ. भीमराव आंबेडकर मार्ग, सिविल चौराहा और भानुमति रोड होते हुए सरोजनी नायडू मार्ग चौराहे पर संपन्न हुई।
रैली के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता और स्वस्थ भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। राज्यपाल ने की अभियान की सराहना कार्यक्रम के दौरान आनंदीबेन पटेल ने संस्था के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की मजबूती का आधार है।
राज्यपाल ने कहा कि समय पर जांच और जागरूकता के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने संस्था को भविष्य में भी व्यापक स्तर पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
130 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा रैली में 130 से अधिक लोगों ने सहभागिता की और “स्वस्थ मां – सुरक्षित भविष्य” का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान लोगों ने संकल्प लिया कि
हर मां सुरक्षित हो,
हर बहन जागरूक हो,
हर बेटी स्वस्थ और सशक्त हो।
कई चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद राज्यपाल से हुई विशेष बैठक में डॉ. सुमेधा नीलू त्रिवेदी, डॉ. रमेश कुमार सिंह, खुशबू तिवारी, अविका तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. मयंक मोहन, डॉ. किरन दास, डॉ. इंदुलता और डॉ. शैली महाजन सहित कई चिकित्सक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा सुलतानपुर, उन्नाव, रायबरेली और हरदोई समेत विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
आयोजकों ने कहा कि यह अभियान केवल एक रैली नहीं बल्कि समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *