सहारनपुर पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल:लूट के मामले में चल रहे थे फरार, चेकिंग के दौरान कर दी फायरिंग


सहारनपुर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने रोकने का इशारा किया। लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर ही गोलियां चलाना शुरू कर दिया। पुलिस को भी काउंटर फायरिंग करनी पड़ी। जिसमें दो बदमाशों के पैर पर गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाशों को अरेस्ट कर लिया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, 9 कारतूस, लूट की नकदी, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। मामला थाना चिलकाना क्षेत्र का है। एएसपी सिमरन कौर ने बताया कि पुलिस टीम देर शाम को ग्राम पटनी से पिलखनी जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि थाना चिलकाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना के दो आरोपी पटनी-पिलखनी रोड से सीकरी जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद हैं और किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवक बाइक से भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने बाइक गिराकर आम के बाग में पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन उर्फ आर्यन पुत्र राजबीर सिंह उर्फ राजू निवासी बड़ी छाप्पुर थाना नकुड़ और कार्तिक पुत्र अमित निवासी छोटी छाप्पुर थाना नकुड़ के रूप में हुई है। अमन के पास से एक तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा 1050 रुपए बरामद हुए। वहीं कार्तिक के पास से एक तमंचा, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस, 1010 रुपए और लावा कंपनी का मोबाइल फोन मिला। घटना में प्रयोग की गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गई। दोनों आरोपी थाना चिलकाना में दर्ज लूट के मुकदमे में फरार चल रहे थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *