![]()
आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के बाईंखेड़ा गांव में लापता किसान गणेशी उर्फ अनीत का शव शनिवार को बरामद हुआ। करीब 36 घंटे की तलाश के बाद उसका शव गांव से कुछ दूरी पर गंगाजल पाइपलाइन के नीचे लगभग 10 फुट गहरे गड्ढे में दबा मिला। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। 30 वर्षीय गणेशी उर्फ अनीत पुत्र चंद्रपाल यादव गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे घर से खेत पर सोने की बात कहकर निकला था। वह रोज की तरह पशुबाड़े के पास बने खेत पर गया था। शुक्रवार सुबह जब उसकी पत्नी पिंकी पशुओं को चारा डालने पहुंची, तो चारपाई खाली मिली और बिस्तर भी गायब था। पिंकी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने करीब 36 घंटे तक खेतों, नहरों, जंगल और आसपास के इलाकों में किसान की तलाश की। जांच में सर्विलांस टीम, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी लगाया गया था। दो तस्वीरें देखिए… शनिवार दोपहर मृतक के चचिया ससुर रुक्मान यादव और शालिग्राम यादव गांव के बाहर गंगाजल पाइपलाइन की ओर पहुंचे। वहां उन्हें पुलिस की गाड़ी, मक्खियों का झुंड और मिट्टी कुरेदते कुत्ते दिखाई दिए। उन्होंने आसपास की मिट्टी हटानी शुरू की, तो कुछ ही देर में बिस्तर का एक हिस्सा दिखाई दिया। जैसे-जैसे मिट्टी हटाई गई, करीब 10 फुट गहरे गड्ढे में बिस्तर में लिपटा गणेशी का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसान के सिर, गले, पीठ और नाभि समेत शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। शरीर पर चाकुओं से गोदने जैसे गहरे निशान मिले हैं। शव के पास से खून से सना एक चाकू भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसीपी सैंया सुकन्या शर्मा ने बताया कि मृतक के भाई सहित कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
Source link
आगरा के बाईंखेड़ा में किसान की हत्या:गंगाजल प्रोजेक्ट लाइन किनारे 10 फुट गहरे गड्ढे में मिला शव