![]()
सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र स्थित ईस्सोपुर गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पास खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान 23 वर्षीय आदित्य के रूप में हुई है, जो गांव ईस्सोपुर का निवासी था और स्थानीय आईटीआई संस्थान में चौकीदार के पद पर तैनात था। युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि आदित्य शुक्रवार रात अपनी ड्यूटी पर था। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने आईटीआई परिसर के बराबर स्थित खेत में उसका शव पड़ा देखा। शव पर धारदार हथियारों से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावरों ने पहले युवक पर हमला किया और फिर उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर गंगोह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक आदित्य की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों का भी खुलासा हो सकेगा।
Source link
सहारनपुर में ITI चौकीदार का मर्डर:धारदार हथियारों से मौत के घाट उतारा, खेत में मिला शव