पीलीभीत में सड़क हादसा, महिला की मौत:शादी में जा रहे मां-बेटे को कार ने मारी टक्कर, बेटा घायल


पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मां-बेटे एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, गजरौला कलां थाना क्षेत्र के गांव अजीतपुर पटपरा निवासी 60 वर्षीय पार्वती देवी अपने बेटे दिनेश कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर मझोला जा रही थीं। मझोला में उनके एक रिश्तेदार के यहां शादी का कार्यक्रम था। सुनगढ़ी कोतवाली क्षेत्र के माधोटांडा रोड स्थित चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल इंटर कॉलेज के सामने उनकी बाइक पहुंची। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे दोनों बाइक समेत सड़क किनारे खाई में जा गिरे। फरार कार चालक की तलाश जारी हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने पार्वती देवी को मृत घोषित कर दिया। दिनेश कुमार का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सुनगढ़ी थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया, “शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है और फरार कार चालक की तलाश जारी है।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *