कन्नौज के भाजपा नेता की सड़क हादसे में मौत:हरदोई में थार खंती में पलटी, 5 घायल, दोस्त की बहन के तिलक से लौट रहे थे


हरदोई में गुरुवार आधी रात के बाद एक सड़क हादसे में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष कन्नौज निवासी प्रशांत त्रिपाठी (30) की मौत हो गई। इस हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए। हादसा माधौगंज-कन्नौज मार्ग पर मटियामऊ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, गुरुवार आधी रात के बाद सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में थार कार अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। कार में सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को कन्नौज के जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्रशांत त्रिपाठी और शुभम तिवारी को कानपुर के रीजेंसी अस्पताल रेफर किया गया। कानपुर में चिकित्सक ने प्रशांत त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। प्रशांत त्रिपाठी कन्नौज जनपद के जसोदा कस्बा निवासी थे और भाजपा के युवा नेताओं में गिने जाते थे। वह अपने साथी शुभम तिवारी की बहन के तिलक समारोह में शामिल होने सीतापुर के सिंधौली गए थे। समारोह से वापस कन्नौज लौटते समय यह हादसा हुआ। घायल हुए अन्य लोगों में विकास पांडेय, शुभम तिवारी, बादल तिवारी, अमन तिवारी (सभी जसोदा कस्बा निवासी) और पांडेय पुरवा निवासी निशांत अग्निहोत्री शामिल हैं। प्रशांत के परिवार में उनकी पत्नी मानसी और चार वर्षीय पुत्री कनिका हैं। उनके पिता गोपाल त्रिपाठी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। प्रशांत की इकलौती छोटी बहन है। अपने इकलौते पुत्र के शव को देखकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य व प्रशांत के पिता गोपाल त्रिपाठी बदहवास हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *