शाहजहांपुर में कटरा नगर पंचायत उपचुनाव में पूजा कसाना जीतीं:निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा को 401 वोटों से हराया, बोलीं- ये इमानदारी की जीत है


शाहजहांपुर में कटरा नगर पंचायत उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। निर्दलीय प्रत्याशी पूजा कसाना ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सोनम गुप्ता को 401 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की है। उन्हें एसडीएम ने जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। गुरुवार को तिलहर तहसील में हुई मतगणना में पूजा कसाना ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। इस जीत के साथ, उन्होंने भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को पीछे छोड़ दिया। यह उपचुनाव वर्ष 2025 में कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद को अदालत के आदेश पर रद्द किए जाने के बाद हुआ था, जब तत्कालीन अध्यक्ष पर आपराधिक इतिहास छिपाने का आरोप लगा था। पांच मई को हुए इस उपचुनाव में भाजपा ने सोनम गुप्ता, सपा ने भरत पटेल, कांग्रेस ने वाजिद सिद्दीकी पूजा कसाना निर्दलीय रूप से मैदान में थीं। मतगणना के दौरान पूजा कसाना लगातार आगे रहीं और अंत तक उनकी बढ़त बरकरार रही। अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए पूजा कसाना ने इसे ईमानदारी और कटरा की जनता की जीत बताया। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह उनके भरोसे को कायम रखने का प्रयास करेंगी। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि इस जीत के बाद वह अपना दल (एस) में शामिल हो गई हैं। प्राप्त मतों के अनुसार, निर्दलीय प्रत्याशी पूजा कसाना को 4375 वोट मिले, जबकि भाजपा की सोनम गुप्ता को 3974 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी वाजिद सिद्दीकी को 3109 और सपा प्रत्याशी भरत पटेल को 488 वोट मिले। बता दें कि भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता के समर्थन में वित्तमंत्री सुरेश खन्ना से लेकर तमाम भाजपा नेताओं ने छोटी छोटी सभाएं कर भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की थी। लेकिन जनता ने उनकी अपील को ठुकरा दिया और नये चेहरे के रूप में पूजा कसाना को अपना चैयरमेन बनाया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *