हाथरस में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के 4 आरोपी गिरफ्तार:तीन को मुठभेड़ में लगी गोली, एक कॉम्बिंग में पकड़ा गया


हाथरस में प्रॉपर्टी डीलर वेद प्रकाश उर्फ सोनू हत्याकांड में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में पकड़ा गया, जबकि एक अन्य को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है। यह मामला 7 अप्रैल का है, जब सहपऊ कोतवाली क्षेत्र में जलेसर रोड पर एक नाले से प्रॉपर्टी डीलर वेद प्रकाश उर्फ सोनू का शव बरामद हुआ था। उसकी हत्या कर शव को फेंका गया था। इस हत्याकांड में दिल्ली वाला मोहल्ला निवासी कमल और उसके भाई गौरव के खिलाफ मकान हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। कमल और गौरव को दिल्ली पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनू हत्याकांड में शामिल कुछ आरोपी सुसायत कला मोड़ पर मौजूद हैं और भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार में कुछ युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने कार सवारों को रुकने का इशारा किया और घेराबंदी की। इस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। एक अन्य आरोपी को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान पकड़ लिया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने विवेक शर्मा उर्फ छोटू (निवासी खमानी गढ़ी, थाना सादाबाद), विशाल शर्मा (निवासी रामलीला ग्राउंड वाली गली, हाथरस), मौनिस कांत शर्मा (निवासी चित्रकूट बगीची, हाथरस) और मोनू कुशवाह (निवासी मोहल्ला मुकुंदपुर बिसावर, थाना सादाबाद) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार, तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *