![]()
बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में दंपति से लूट की वारदात फर्जी निकली। पुलिस ने देर रात मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दंपति ने लूट की मनगढ़ंत कहानी रची थी। अब इस संबंध में दर्ज मुकदमा रद्द किया जा रहा है। हर्रायपुर गांव निवासी रोहित पुत्र राजेंद्र ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि वह अपनी पत्नी पिंकी के साथ शादी समारोह से लौट रहा था। आरोप लगाया गया कि आंवला रोड पर नकटा बाग के पास बदमाशों ने बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया और जेवरात व नकदी लूट ली। बयान बदलने पर पुलिस को हुआ शक पुलिस ने मौके का मुआयना कर दंपति के बयान दर्ज किए, लेकिन बार-बार कहानी बदलने पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मामला संदिग्ध पाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर रोहित ने स्वीकार किया कि उसकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई थी और कोई लूट नहीं हुई थी। बहकावे में आकर रची कहानी एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया के अनुसार, रोहित ने एक व्यक्ति के बहकावे में आकर लूट की झूठी कहानी बनाई थी। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने उसे ऐसा करने के लिए उकसाया। पुलिस ने साफ किया है कि लूट की घटना असत्य पाई गई है। अब रोहित के खिलाफ भ्रामक सूचना देने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बदायूं में दंपति से लूट का मामला निकला ड्रामा:बाइक फिसलने की घटना को बनाया लूट, पुलिस ने खोला राज