मैनपुरी में डंपर-रोडवेज बस की टक्कर में चालक की मौत:कुरावली मार्ग पर हुआ हादसा, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस


मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर एक सड़क हादसे में रोडवेज बस के चालक की मौत हो गई। मिट्टी से भरे एक डंपर और रोडवेज बस की टक्कर हुई थी। चालक की उपचार के दौरान मृत्यु होने के बाद परिजनों ने शव को लेकर सरकारी बस स्टैंड पर हंगामा किया। यह हादसा मैनपुरी के बिछुआ थाना क्षेत्र के ग्राम अंजनी के समीप हुआ। दिल्ली आनंद विहार से मैनपुरी आ रही रोडवेज बस सुबह लगभग 4:30 से 5:00 बजे के बीच आईसीएल विद्यालय के पास पहुंची थी, तभी यह घटना हुई। मृतक चालक की पहचान श्यामवीर सिंह (35 वर्ष) पुत्र रामनिवास, निवासी ग्राम कोहमराऊआ, थाना औछा के रूप में हुई है। टक्कर के बाद मिट्टी से भरा डंपर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल चालक श्यामवीर सिंह को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक चालक के भाई ने आरोप लगाया है कि परिवहन विभाग की ओर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि वे स्वयं एंबुलेंस की व्यवस्था कर श्यामवीर को आगरा ले गए। उनका कहना है कि परिवहन विभाग ने डंपर और सड़क हादसे के संबंध में अभी तक कोई मदद नहीं की है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि डंपर और रोडवेज बस की भिड़ंत सुबह 5 से 5:30 बजे के बीच हुई थी। घायल श्यामवीर सिंह को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया और परिजनों को सूचित किया गया। उन्होंने पुष्टि की कि गंभीर हालत के चलते उन्हें आगरा रेफर किया गया था, जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई। सीओ ने बताया कि घटना बिछुआ थाना क्षेत्र की है और संबंधित पुलिस को जानकारी दे दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि परिवार की शिकायत के आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी और सभी तथ्यों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *