![]()
हरदोई के कासिमपुर थाना क्षेत्र के बनियन खेड़ा गांव में शुक्रवार देर रात छोटे भाई ने बड़े भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना शराब ठेके से लौटते समय हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, बनियन खेड़ा गांव निवासी ब्रजेश (30) और उसका छोटा भाई सूरज (27) शुक्रवार देर शाम गांव के शराब ठेके पर गए थे। देर रात शराब पीकर वापस लौटते समय गांव से कुछ दूरी पर दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर छोटे भाई सूरज ने बड़े भाई ब्रजेश पर डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में ब्रजेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने ब्रजेश का शव देखा। उन्होंने तुरंत परिजनों को और फिर पुलिस को घटना की जानकारी दी। आधी रात के बाद सूचना मिलने पर कासिमपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी पूर्वी) सुबोध गौतम ने बताया कि आरोपी सूरज को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने पुष्टि की कि आरोपी सूरज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
Source link
बड़े भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या:शराब ठेके से लौटते समय हुआ था विवाद, आरोपी हिरासत में