![]()
हाथरस में आज अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्वयं श्रमदान कर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रम के महत्व तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। यह विशेष सफाई महाअभियान कलेक्ट्रेट परिसर और सभी कार्यालयों में आयोजित किया गया। जिलाधिकारी के साथ मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रमदान किया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस हमें श्रम की गरिमा और श्रमिकों के अमूल्य योगदान का सम्मान करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्वयं श्रमदान करना समाज के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने आगे कहा कि एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सकारात्मक कार्यस्थल न केवल कार्यक्षमता बढ़ाता है, बल्कि आमजन के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी दर्शाता है। यदि हम अपने कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे, तो स्वस्थ समाज का निर्माण होगा और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर के सभी कार्यालय कक्षों, गलियारों, शौचालयों, खुले क्षेत्रों, पार्किंग स्थल और अधिवक्ता कार्यालयों सहित पूरे क्षेत्र की व्यापक सफाई की गई। अनावश्यक कचरे का निष्पादन किया गया और अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस, कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव और अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
Source link
हाथरस में अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस पर कलेक्ट्रेट में स्वच्छता अभियान:जिलाधिकारी समेत अधिकारियों ने संभाली कमान