![]()
गोंडा में परसपुर थाना क्षेत्र के चरसड़ी स्थित सावित्री गैस एजेंसी पर गुरुवार देर शाम मारपीट का मामला सामने आया है। पूर्व भाजपा विधायक अजय प्रताप उर्फ लल्ला भैया की दूसरी पत्नी के बड़े बेटे कुंवर कामलेंन मोहन सिंह और गैस एजेंसी संचालक वैभव सिंह उर्फ आंसू के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के समर्थक भी मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। एजेंसी के उपभोक्ता लगातार गैस न मिलने की शिकायत कुंवर कामलेंन मोहन सिंह से कर रहे थे। आरोप है कि बुकिंग के बावजूद एजेंसी पर गैस वितरण नहीं हो रहा था। इसी शिकायत को लेकर वह मंगलवार को भी एजेंसी पहुंचे थे और समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को फिर से उपभोक्ताओं की शिकायतें आने पर कुंवर कामलेंन मोहन सिंह ने एजेंसी मालिक वैभव सिंह को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद वह सीधे एजेंसी पहुंच गए। वहां फोन न उठाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के समर्थक भी भिड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागते नजर आए। परसपुर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पूर्व विधायक के बेटे- गैंस एजेंसी मालिक में मारपीट, VIDEO:जमकर लात-घूंसे और कुर्सियां चलीं, फोन न उठाने पर हुआ विवाद