डूडाकर्मी की हत्या के बाद प्रेमिका को मारा डाला:सहारनपुर में अलग-अलग थानाक्षेत्र में मिली थी बॉडी, विक्रांत के मर्डर का राजफाश होने के डर से राखी को मारकर फेंका


सहारनपुर और बागपत में सामने आए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस जल्द खुलासा कर सकती है। डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) में तैनात सिटी मिशन मैनेजर विक्रांत कुमार और उनकी प्रेमिका राखी कश्यप की हत्या ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उन्होंने इस मामले को और भी उलझा दिया है। प्रयागराज निवासी 37 वर्षीय विक्रांत कुमार 16 अप्रैल को बागपत से लापता हुए थे। उनकी पत्नी प्राची ने बागपत कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए राखी कश्यप पर पति को परेशान करने का आरोप लगाया था। 17 अप्रैल को सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिला, जिसकी बाद में पहचान विक्रांत के रूप में हुई। पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि विक्रांत अपनी प्रेमिका राखी कश्यप से शादी करना चाहता था। इसी सिलसिले में बागपत में एक पार्टी की गई थी, जिसमें सुधारस चौहान, कपिल चौहान और राखी कश्यप भी थे। शराब के नशे में विवाद बढ़ गया और आरोप है कि राखी ने लाइसेंसी पिस्टल से विक्रांत की जांघ में गोली मार दी। इसके बाद तीनों उसे सहारनपुर ले गए, जहां सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी गई और शव नहर में फेंक दिया गया। मामले को छिपाने के लिए आरोपियों ने एक और खौफनाक साजिश रची। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी सुधारस चौहान को डर था कि राज खुल जाएगा। ऐसे में उसने कपिल चौहान के साथ मिलकर राखी कश्यप को मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रजापुर नौगांव स्थित एक फार्महाउस पर ले जाकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। 27 अप्रैल को राखी का शव सहारनपुर के रजापुर नौगांव से बरामद हुआ, जिससे मामले ने डबल मर्डर का रूप ले लिया। सहारनपुर पुलिस ने कपिल चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आए हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ रही है। फिलहाल कई टीमें जांच में जुटी हैं और पुलिस जल्द ही डबल मर्डर का खुलासा कर सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *