![]()
अयोध्या के थाना कोतवाली बीकापुर क्षेत्र में दर्ज गंभीर मारपीट के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनामी राशि बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी है। यह मामला ग्राम बहिउद्दीनपुर निवासी आशा देवी की तहरीर पर दर्ज किया गया था, जिसमें उनके पुत्र राघवेंद्र तिवारी पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राघवेंद्र तिवारी 20 फरवरी 2025 की शाम अपने परिचितों सुलभ तिवारी और सूरज पाण्डेय के साथ रामपुर परेड़ गांव में एक निमंत्रण कार्यक्रम में गए थे। वहां से लौटते समय रात करीब 9 बजे रास्ते में कुछ आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया था। तहरीर में आरोप है कि आनंद यादव, आशीष उपाध्याय, अवनीश उपाध्याय सहित अन्य लोगों ने ईंट, पत्थर, लाठी-डंडों से बुरी तरह मारपीट की और मृत समझकर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल राघवेंद्र को दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां 21 फरवरी को उनके सिर का ऑपरेशन भी किया गया था। इस मामले में पुलिस ने 22 फरवरी 2025 को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अमन उपाध्याय उर्फ सुशील पुत्र जगदीश उपाध्याय निवासी मानापुर, थाना बीकापुर फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पहले 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या डॉ गौरव ग्रोवर द्वारा बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
अयोध्या में जानलेवा हमले के आरोपी पर 25000 का इनाम:आरोपी फरार, पुलिस की कई टीमें में तलाश में जुटी