![]()
अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। जोया बम्बूगढ़ मार्ग पर पतखोई गांव के पास एक स्कूल वाहन का स्टेयरिंग फेल होने के बाद वह बिजली के खंभे से टकरा गया और फिर एक जुगाड़ वाहन से उसकी टक्कर हो गई। यह घटना गुरुवार सुबह करीब आठ बजे हुई। अमरोहा की ओर जा रहे टाटा मैजिक स्कूल वाहन का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से जा टकराया। इसी दौरान सामने से आ रहे एक बाइक जुगाड़ वाहन की टाटा मैजिक से टक्कर हो गई। हादसे में जुगाड़ वाहन चला रहे 37 वर्षीय दिलशाद पुत्र रियाज (निवासी मोहल्ला अहमद नगर, थाना अमरोहा नगर) की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ सवार उनके साढ़ू दानिश (निवासी दिल्ली दरवाजा, थाना नखासा, जिला संभल) घायल हो गए। हादसे के बाद टाटा मैजिक का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर डिडौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल दानिश को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
Source link
अमरोहा में स्कूल वाहन और बाइक जुगाड़ वाहन की टक्कर:एक की मौत, एक घायल; स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा