![]()
कानपुर देहात में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में छाए काले बादलों के बीच हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। पिछले कई दिनों से जिले में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा था। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों के चेहरों पर खुशी दिखी। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस हुई। सड़कों पर निकले लोगों ने भी बदले हुए मौसम का आनंद लिया और तेज धूप व लू से मिली राहत पर संतोष जताया। यह बूंदाबांदी किसानों के लिए भी फायदेमंद साबित हो रही है। हल्की बारिश से खेतों में खड़ी उड़द और मूंग की फसल को पर्याप्त नमी मिली है, जिससे उनकी बढ़वार में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही, गर्मी के कारण सूख रही जमीन को भी राहत मिली है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यदि इसी तरह हल्की बारिश होती रही तो दलहनी फसलों के उत्पादन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। मौसम विभाग ने भी आने वाले एक-दो दिनों तक बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से अतिरिक्त राहत मिलने की उम्मीद है। इस बूंदाबांदी ने जहां आम लोगों को राहत दी है, वहीं किसानों के चेहरे पर भी उम्मीद की किरण जगाई है।
Source link
कानपुर देहात में बारिश, गर्मी से मिली राहत:तापमान में गिरावट, किसानों को भी फायदा