![]()
घाटमपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास बुधवार को एक प्राइवेट स्कूल के शिक्षक ने बंद पड़े विद्यालय परिसर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। शिक्षक की पहचान घाटमपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर राहा निवासी अनमोल सिंह उर्फ हिमांशु (21) के रूप में हुई है। वह घाटमपुर क्षेत्र के एक प्राइवे स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले स्कूल में पढ़ाने के दौरान एक बच्चे को अनुशासनहीनता पर शिक्षक ने हल्की डांट लगा दी थी। इस दौरान कथित रूप से छड़ी लगने से बच्चा भागते समय गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट आ गई। परिजनों का आरोप है कि इसी घटना के बाद बच्चे के परिवार वालों ने शिक्षक को गंभीर परिणाम भुगतने और जेल भिजवाने की धमकी दी थी। इस बात से युवक मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। बताया जा रहा है कि लगातार मिल रही धमकियों और तनाव के चलते वह अवसाद में आ गया था। बुधवार को अनमोल सिंह शीतलपुर स्थित एक बंद पड़े स्कूल में पहुंचा, जहां उसने साइकिल पर चढ़कर कुंडे से फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी बोले- घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज भदौरिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव और धमकियों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि यदि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होती है तो मामले में आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
घाटमपुर में शिक्षक ने बंद स्कूल में की आत्महत्या:फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, परिजनों ने धमकी को बताया कारण; पुलिस कर रही जांच