मैनपुरी में विधवा की गेहूं फसल पर दबंगों का कब्जा:पीड़िता ने DM से न्याय मांगा, जांच के आदेश


मैनपुरी के नारायणपुर गांव में एक विधवा महिला की गेहूं की फसल पर दबंगों द्वारा कब्जा करने का आरोप लगा है। पीड़िता रेखा देवी ने जिलाधिकारी से शिकायत की है कि गांव के कुछ लोगों ने उनकी कटी हुई गेहूं की फसल की जबरन थ्रेसिंग कराकर उसे अपने घर उठा लिया और अब खेत पर कब्जे की धमकी दे रहे हैं। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। रेखा देवी नगला हरकेशी, मौजा नारायणपुर की निवासी हैं। उनका कहना है कि वह अपने ससुर हाकिम सिंह के नाम दर्ज गाटा संख्या 819/2क की भूमि पर लंबे समय से खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। खेत पर कब्जा करने की धमकी उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार गेहूं की फसल कट चुकी थी और थ्रेसिंग बाकी थी, तभी 24 अप्रैल की सुबह गांव के कुछ लोगों ने जबरन थ्रेसिंग कराकर गेहूं अपने घर पहुंचा दिया। रेखा देवी के अनुसार, जब उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट पर उतारू हो गए और उन्हें अपमानित करते हुए खेत पर कब्जा करने की धमकी दी। जिलाधिकारी कार्यालय का रुख पीड़िता ने स्थानीय थाना पुलिस पर भी उनकी शिकायत न सुनने का आरोप लगाया है। इसके बाद उन्होंने न्याय के लिए जिलाधिकारी कार्यालय का रुख किया। अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि वह विधवा और असहाय हैं, और दबंगों की इस कार्रवाई से उनकी आजीविका पर संकट आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों रुपये कीमत की गेहूं की फसल जबरन काटकर और उठाकर ले जाई गई है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तहसील सदर प्रशासन को तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को विवादित भूमि और फसल से संबंधित पूरे प्रकरण की पड़ताल कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *