![]()
सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र में मंडी चौकी के सामने स्थित एक जिम के बाहर से बाइक चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। चोर ने बड़ी ही चालाकी से करीब 20 से 25 मिनट तक आसपास आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही बाइक लेकर फरार हो गया। घटना पुलिस चौकी के ठीक सामने होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार मोहल्ला विकास नगर निवासी कार्तिकेश्वर सिंह सोमवार सुबह करीब 7 बजे जिम करने के लिए गए थे। उन्होंने अपनी बाइक जिम के बाहर खड़ी कर दी थी। कुछ समय बाद जब वह जिम से बाहर निकले तो उनकी बाइक मौके से गायब थी। बाइक न मिलने पर उन्होंने तुरंत जिम संचालक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक गमछा डाले हुए नजर आया, जो काफी देर तक आसपास टहलता रहा और फिर बाइक के पास आकर बैठ गया। कुछ देर बाद जब सड़क पर सन्नाटा हुआ तो उसने बाइक का लॉक तोड़ा और चाबी लगाकर मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
सीतापुर में जिम के बाहर से बाइक चोरी का VIDEO:चोर ने 25 मिनट रेकी कर घटना को दिया अंजाम, सीसीटीवी में कैद वारदात