IPL में साउथ अफ्रीकी बॉलर एनगिडी को सिर में चोट:कैच लेते वक्त गिरे, ग्राउंड में एम्बुलेंस बुलाकर अस्पताल ले जाया गया; 15 मिनट खेल रुका


दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे IPL मुकाबले के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया। दिल्ली के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी कैच लेने की कोशिश में पीछे की ओर गिर पड़े और उनका सिर जोर से जमीन से टकराया। चोट इतनी गंभीर थी कि खेल करीब 15 मिनट तक रुका रहा। उन्हें एम्बुलेंस से राजेंद्र नगर में मौजूद मैक्स अस्पताल ले जाया गया। अभी उनकी जांच चल रही है। यह घटना पंजाब की पारी के तीसरे ओवर में हुई। अक्षर पटेल की फुल लेंथ गेंद पर बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने हवा में शॉट खेला। गेंद मिड-ऑफ के ऊपर गई, जहां से एनगिडी तेजी से पीछे भागे। कैच जज करने में हल्की सी चूक हुई और उनका बैलेंस बिगड़ गया। वे पीछे की ओर गिरते हुए सीधे सिर के बल जमीन पर गिरे। टकराव काफी तेज था। गिरते ही उन्होंने सिर पकड़ लिया और मैदान पर ही लेटे रहे। एनगिडी की चोट, 7 PHOTOS पहले स्ट्रेचर, फिर डॉक्टर और एम्बुलेंस घटना के तुरंत बाद मैदान पर पहले स्ट्रेचर लाया गया। इसके बाद मेडिकल टीम दौड़कर पहुंची। डॉक्टरों ने एनगिडी से बात की। शुरुआती कुछ क्षणों में वे रिस्पॉन्ड करते हुए नजर आए, जिससे थोड़ी राहत की स्थिति बनी। हालांकि, कुछ ही देर में स्थिति बदलती दिखी। एनगिडी की हालत को लेकर चिंता बढ़ने लगी। मेडिकल स्टाफ ने अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए उन्हें स्थिर रखने की कोशिश की। करीब 15 मिनट तक खेल रुका पूरे घटनाक्रम के दौरान मैच करीब 15 मिनट तक रुका रहा। खिलाड़ी, अंपायर और सपोर्ट स्टाफ सभी स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। स्थिति गंभीर लगने पर मैदान पर एम्बुलेंस बुलाई गई। इसके बाद एनगिडी को स्ट्रेचर पर ले जाकर एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया और तुरंत अस्पताल रवाना किया गया। एनगिडी जूझ रहे थे, डीजे गाने बजा रहा था हादसे के बीच एक और बात ने ध्यान खींचा। जब एनगिडी मैदान पर दर्द से जूझ रहे थे और मेडिकल टीम उनका इलाज कर रही थी, उसी दौरान स्टेडियम का डीजे लगातार गाने बजाता रहा। आमतौर पर ऐसी गंभीर स्थिति में माहौल शांत रखा जाता है, लेकिन यहां म्यूजिक चलता रहा। जेंटल जायंट के नाम से जाने जाते हैं एनगिडी लुंगी एनगिडी का पूरा नाम लुंगिसानी ट्रू-मैन एंगिडी है। उनका जन्म 29 मार्च 1996 को साउथ अफ्रीका के डरबन में हुआ था। वह अपनी लंबी कद-काठी और शांत स्वभाव के कारण ‘जेंटल जायंट’ के नाम से जाने जाते हैं। एनगिडी का बचपन एक साधारण परिवार में बीता। उनकी मां घरेलू कामगार थीं और पिता मेंटेनेंस वर्कर थे। शुरुआती दिनों में उन्होंने रग्बी में भी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बाद में उन्होंने पूरी तरह क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने हिल्टन कॉलेज से स्कॉलरशिप पर पढ़ाई की और आगे चलकर प्रिटोरिया यूनिवर्सिटी में इंडस्ट्रियल सोशियोलॉजी में बैचलर डिग्री की पढ़ाई भी की। भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया एनगिडी दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो 140 किमी/घंटा से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी स्लोअर बॉल खास पहचान है, जो डेथ ओवर्स में बल्लेबाजों के लिए काफी मुश्किल पैदा करती है। उन्होंने 2018 में भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया और पहली ही पारी में 6 विकेट लेकर अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उनका अंतरराष्ट्रीय करियर तेजी से आगे बढ़ा। 2020 में उन्हें साउथ अफ्रीका का बेस्ट वनडे और टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया। वे 2025 में ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतने वाली साउथ अफ्रीकी टीम का हिस्सा भी रहे। क्रिकेट में सिर की चोट को लेकर सख्त नियम क्रिकेट में सिर पर लगने वाली चोट को बेहद गंभीर माना जाता है। ऐसे मामलों में कंशन का खतरा रहता है, जो खिलाड़ी के लिए जोखिम भरा हो सकता है। ICC ने इसको लेकर स्पष्ट प्रोटोकॉल तय कर रखे हैं। किसी भी खिलाड़ी को सिर पर चोट लगने पर तुरंत मेडिकल जांच और जरूरत पड़ने पर मैदान से बाहर किया जाता है। एनगिडी की मौजूदा स्थिति फिलहाल एनगिडी की स्थिति को लेकर आधिकारिक अपडेट का इंतजार है। शुरुआती तौर पर उनका डॉक्टरों को रिस्पॉन्ड करना सकारात्मक संकेत था, लेकिन बाद में एंबुलेंस बुलाना स्थिति की गंभीरता की ओर इशारा करता है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह घटना खेल से बड़ा झटका हो सकती है, क्योंकि एनगिडी टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल हैं। दिल्ली ने बनाया सीजन का सबसे बड़ा स्कोर इससे पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 264 रन बनाए। यह इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। दिल्ली के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। लक्ष्य का पीछा कर रही पंजाब टीम की पारी की शुरुआत ही थी, जब यह हादसा हुआ।
———————
IPL में दिल्ली Vs पंजाब मैच की खबर पढ़ें…
पंजाब का तीसरा विकेट गिरा दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2026 के 35वें मैच में पंजाब किंग्स को 265 रन का टारगेट दिया है। अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 264 रन बनाए। यह इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर है। पढ़ें पूरी खबर…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *