होमगार्ड परीक्षा के बाद बसों में मारामारी…खिड़कियों से घुसे अभ्यर्थी:फर्रुखाबाद में इटावा-हरदोई जाने वाले परीक्षार्थियों को घंटों करना पड़ा इंतजार


फर्रुखाबाद में होमगार्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद रविवार शाम रोडवेज बस स्टैंड पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इटावा और हरदोई जाने वाले अभ्यर्थियों को बसों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इस दौरान बसों में सीट को लेकर मारामारी की स्थिति बन गई, जहां कई अभ्यर्थियों को खिड़कियों के रास्ते बसों में प्रवेश करते देखा गया। परीक्षा शनिवार से शुरू होकर सोमवार तक चलेगी। रविवार को द्वितीय पाली की परीक्षा खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थी बस स्टैंड पहुंचे। इनमें इटावा, औरैया, हरदोई, कानपुर, कन्नौज और कानपुर देहात जाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अधिक थी। इटावा जाने वाली बसों में स्थिति विशेष रूप से खराब थी। अभ्यर्थियों की संख्या इतनी अधिक थी कि वे पायदानों पर भी लटके हुए थे। भीड़ को देखते हुए फर्रुखाबाद डिपो से इटावा के लिए एक अतिरिक्त बस भेजी गई, लेकिन उसमें भी सीट के लिए जबरदस्त मारामारी हुई और कई अभ्यर्थी खिड़कियों से अंदर घुसे। कुछ ही मिनटों में बस पूरी भर गई, फिर भी कई परीक्षार्थी बाहर रह गए। वहीं, हरदोई जाने वाले अभ्यर्थी भी काफी परेशान दिखे। उन्होंने बताया कि उन्हें करीब 35 से 40 मिनट से अधिक समय हो गया था, लेकिन हरदोई के लिए कोई बस उपलब्ध नहीं थी। परेशान अभ्यर्थी बार-बार पूछताछ काउंटर और स्टेशन इंचार्ज के पास पहुंचकर बसों की जानकारी ले रहे थे। रोडवेज बस के स्टेशन इंचार्ज ने बताया कि बसों की कोई कमी नहीं है। डिपो के अलावा दूसरी डिपो की भी बसें भी अभ्यर्थी को लाने ले जाने के लिए लगी है। जिस जिले कि यात्रियों की संख्या अधिक है वहां डिपो की बसों को भेजा जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *